क्या आपने गौर किया है कि नियमित सफाई के बावजूद, पीतल और चांदी के बर्तन समय के साथ अपनी चमक खो देते हैं? ऐसा इसलिए होता है क्योंकि हवा में मौजूद सल्फर युक्त गैसों के संपर्क में आने से ये बर्तन फीके पड़ जाते हैं. यह एक नेचुरल केमिकल प्रोसेस है जिसे टार्निशिंग कहते हैं, जिसके कारण इन धातुओं की सतह पर एक काली या फीकी परत जम जाती है. तो, इस दिवाली, इन धातुओं को साफ करने के लिए हार्ड केमिकल पाउडर का इस्तेमाल करने के बजाय, नेचुरल और टाइम टेस्टेड सफाई के तरीके क्यों न अपनाएं, क्योंकि इससे आपके हाथ और बर्तन, दोनों सुरक्षित रहेंगे. हार्ड केमिकल पाउडर त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं और बर्तनों की सतह को नुकसान पहुंचा सकते हैं. ऐसे में इस लेख में जानें कि इन मेटल्स को प्राकृतिक रूप से कैसे साफ किया जाए…
हर साल, जब भारत भर में दिवाली के लिए घरों की गहन सफाई शुरू होती है, तो इसकी चमक दीवारों और पर्दों से आगे बढ़कर एक प्रतीकात्मक रूप ले लेती है. दिवाली की सफाई के दौरान पूजा के बर्तनों की सफाई केवल घर को रोशन करने के बारे में नहीं है, बल्कि यह एक धार्मिक कार्य है जो आत्मा और स्थान, दोनों को शुद्ध करता है. यह शारीरिक और आध्यात्मिक दोनों तरह की शुद्धि का प्रतीक है, जिसे भूत शुद्धि भी कहा जाता है, जो घर में सकारात्मकता और देवी लक्ष्मी के आगमन का प्रतीक है. पूजा के बर्तन साफ करना, पुरानी और टूटी हुई वस्तुओं को हटाना, और घर को आध्यात्मिक रूप से शुद्ध करना देवी-देवताओं के स्वागत और एक नई शुरुआत का प्रतीक है.
पीतल, तांबे और चांदी के बर्तनों को केवल धार्मिक कार्य की वस्तुएं न समझकर इन्हें विरासत और श्रद्धा का भंडार मानना चाहिए. इनकी प्राकृतिक चमक बनाए रखने के लिए, इन्हें हार्ड केमिकल पाउडर से साफ करने के बजाय, कोमल और नेचुरल तरीकों का उपयोग करना चाहिए. अगर आप चाहते हैं कि आपके पीतल और तांबे के बर्तन प्राकृतिक रूप से चमकें, तो इन नेचुरल तरीकों का इस्तेमाल जरूर करें…
लाल मिट्टी, नमक और नींबू का रस
लाल मिट्टी ऑक्सीडेशन को धीरे से हटाती है, नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड जमी हुई मैल को ढीला करता है, और नमक एक हल्के अपघर्षक के रूप में काम करता है. इन्हें मिलाकर पेस्ट बना लें, स्क्रबर या नींबू के छिलके से इस पेस्ट को बर्तनों पर लगाएं और गोलाकार गति में रगड़ें. फिर पानी से धोकर बर्तनों को सुखा लें. आप दीया या ईंट को पीसकर भी लाल मिट्टी बना सकते हैं.
- रीठा और नारियल के छीलके से सफाई
- रीठे में नेचुरल सैपोनिन होते हैं जो ग्रीस और गंदगी को बिना मेटल को नुकसान पहुंचाए प्रभावी ढंग से साफ करते हैं. रीठे के ये सैपोनिन, पानी के साथ मिलकर प्राकृतिक झाग बनाते हैं, जो एक डिटर्जेंट की तरह काम करते हैं. इसका इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले कुछ फलियों को पानी में उबाल लें, जब यह हल्का साबुन जैसा घोल बन जाएं, तब पीतल और तांबे के बर्तनों को साफ करने के लिए नारियल के छिलके के साथ इसका इस्तेमाल करें. यह तरीका न केवल लंबे समय तक चमक प्रदान करता है, बल्कि बचे हुए रीठे और छिलके से आपके बगीचे में खाद बनाई जा सकती है. यह एक Zero-Waste Solutions है जो आपके बर्तनों और पर्यावरण दोनों के लिए फायदेमंद है.
- इमली, नींबू और चुटकी भर नमक का मिश्रण
- इमली जिद्दी ऑक्सीकरण के लिए मददगार है. इसके प्राकृतिक अम्ल, नींबू और नमक के साथ मिलकर दाग-धब्बों को प्रभावी ढंग से हटाते हैं. इमली का गूदा, नींबू के टुकड़े और एक चुटकी नमक को पानी में उबालें, फिर बर्तनों को इस पानी में 5-10 मिनट तक भिगोएं. हल्की गर्मी और अम्लता दाग-धब्बों को आसानी से हटा देगी और उनकी चमक भी लौट आएगी. 5-10 मिनट बाद सभी मेटल्स को पानी से निकलने के बाद हल्के हाथों से रगड़ें, फिर अच्छी तरह धोएं और तुरंत सुखा लें. यह पारंपरिक तरीका सभी धातुओं के लिए प्रभावी और सुरक्षित है, यहां तक कि उन धातुओं के लिए भी जिन पर प्राचीन वस्तुओं पर जटिल डिजाइन बने हों.
सबीना पाउडर
सबीना पाउडर, जिसका इस्तेमाल पीढ़ियों से मंदिरों में होता रहा है, एक प्राकृतिक राख-आधारित क्लीनर है जो बिना किसी केमिकल के पॉलिश करता है. इसकी माइक्रो-घर्षण बनावट मेटल के नेचुरल रंग को बरकरार रखते हुए, दाग-धब्बों को हटाती है. इसके लिए सबीना पाउडर को एक नम कपड़े पर छिड़कें और सतह पर धीरे से रगड़ें, नक्काशी और कोनों पर ध्यान दें. फिर गुनगुने पानी से धोकर सुखा लें. यह तरीका सुरक्षित, टिकाऊ और खासकर उन लोगों के लिए उपयुक्त है जो चांदी, पीतल और तांबे के बर्तनों के लिए केमिकल-फ्री और लंबे समय तक चमक बनाए रखना चाहते हैं


