Monday, April 6, 2026

आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

Share

आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

रांची: झारखंड में 25 नवंबर से मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने रफ्तार पकड़ ली है. सुबह से तेज ठंडी हवा चल रही है. इसकी वजह से पिछले 24 घंटे के भीतर न्यूनतम पारा में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई है. मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने ईटीवी भारत को बताया है कि आने वाले दो दिनों तक न्यूनतम पारा में और 2 डिग्री तक की कमी आने की संभावना है. ऐसे में कनकनी बढ़ेगी. कंपकंपी महसूस होगी. सबसे ज्यादा असर कोडरमा में देखा जा रहा है, जहां न्यूनतम पारा में 5.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है. फिलहाल वहां का न्यूनतम पारा 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 25 नवंबर को सुबह 10 बजे तक सबसे कम तापमान गुमला में 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है. इसके अलावा हजारीबाग में 9.9, खूंटी में 10.1, डाल्टनगंज में 10.2, लोहरदगा में 10.3 और लातेहार में 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा है. जबकि रांची में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 11.2, जमशेदपुर में 13.5 और धनबाद में 12 डिग्री सेल्सियस रहा है. मौसम में आए बदलाव का असर है कि राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे है. गोड्डा में सबसे ज्यादा 38.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है. इसके अलावा जमशेदपुर, डाल्टनगंज, देवघर, पाकुड़ सिमडेगा और चाईबासा का अधिकतम पारा 27 डिग्री और 30 डिग्री के बीच रहा है.

WEATHER REPORT 25TH NOV

मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक 28 नवंबर से न्यूनतम पारा में फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस इजाफा होने की संभावना है. लिहाजा, नवंबर माह के अंतिम चार दिनों तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी. हालांकि सुबह के वक्त धूप निकलने से पहले और शाम के बाद गुलाबी सर्दी का अहसास होगा. सबसे खास बात है कि 26 नवंबर से 30 नवंबर तक झारखंड के ज्यादातर इलाकों में सुबह के वक्त कोहरा या धुंध रहेगा, उसके बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे.

ऐसे मौसम में ठंड से बचाव बेहद जरुरी

मौसम में आ रहे बदलाव को देखते हुए मौसम केंद्र ने झारखंड वासियों से सावधानी बरतने की अपील की है. गर्म कपड़े पहनने के साथ-साथ खान-पान का विशेष ख्याल रखने की सलाह दी है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है क्योंकि ठंड लगने से दस्त, उल्टी, सिर दर्द की समस्या हो सकती है. ऐसे समय में ब्लड प्रेशर बढ़ने का भी खतरा रहता है. बता दें कि झारखंड में सुबह के वक्त धुंध और कोहरा की वजह से विमान सेवा पर भी असर पड़ा है. सुबह के वक्त विजिबिलिटी कम होने पर विमान को डायवर्ट करना पड़ा है. इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी उठाना पड़ी है.

Read more

Local News