उत्तराखंड की पहाड़ों की रानी मसूरी आज भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी की गवाह बनने जा रही है. आज शाम कुलदीप अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे. मसूरी के सेवॉय होटल को इस प्यारी जोड़ी की शादी के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है. अनेक भारतीय क्रिकेटर दोस्त कुलदीप की शादी में शामिल होने मसूरी पहुंच चुके हैं.
क्रिकेटर कुलदीप यादव की शादी आज: बड़ी संख्या में भारतीय क्रिकेटर और कुलदीप यादव के दोस्त आज विवाह स्थल मसूरी पहुंच रहे हैं. कुल मिलाकर आज पहाड़ों की रानी मसूरी भारतीय क्रिकेट टीम के एक बड़े स्टार के विवाह समारोह की गवाह बनने जा रही है. शादी का जो निमंत्रण कार्ड है, उसके अनुसार आज शाम 4 बजे से विवाह समारोह शुरू हो जाएगा. वरमाला का समय शाम 6 बजे निर्धारित है. कुलदीप यादव वंशिका के साथ 7 फेरे रात 8 बजे लेंगे.
कल संपन्न हुए हल्दी, मेहंदी और संगीत कार्यक्रम: इससे पहले शुक्रवार को प्री वेडिंग फंक्शन में शादी समारोह के कई फंक्शन संपन्न हुए. कल हल्दी, मेहंदी कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे से शुरू हो गए थे. जो संपन्न हो गए. हल्दी और मेहंदी के बाद संगीत और म्यूजिकल इवनिंग का शादी में शामिल होने आए मेहमानों ने आनंद लिया. होटल के प्रांगण में दूल्हा-दुल्हन और मेहमान नाचते नजर आए थे.
प्री वेडिंग फंक्शन में खूब थिरके युजवेंद्र चहल: संगीत समारोह के वीडियो में भारतीय क्रिकेट टीम में कुलदीप यादव के स्पिन जोड़ीदार रहे युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा नाचते दिखे. रिंकू सिंह अपनी मंगेतर सांसद प्रिया सरोज के साथ संगीत समारोह में नाचते दिखे थे. दूल्हा दुल्हन भी इस दौरान थिरकते नजर आए.
शादी में शामिल होने पहुंचेंगे भारतीय क्रिकेटर: आज शादी में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा, वर्तमान टी20 कप्तान सूर्य कुमार यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह समेत पूरी टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम के खिलाड़ियों के आने की उम्मीद है. इसके साथ ही भारतीय वनडे टीम के भी कई खिलाड़ी शादी में दिखेंगे.
टी20 वर्ल्ड चैंपियन की शादी: गौरतलब है कि पहले कुलदीप यादव और वंशिका की शादी नवंबर 2025 में होने वाली थी. टी20 विश्व की तैयारियों के कारण विवाह समारोह आगे बढ़ाया गया था. अब जबकि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड चैंपियन बन चुकी है तो कुलदीप यादव फुर्सत से शादी कर रहे हैं. इस दौरान क्रिकेट मैच नहीं होने के कारण उनके साथी खिलाड़ी भी शादी में शामिल होने मसूरी पहुंच रहे हैं.


