इंडियन प्रीमिय लीग 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है. आज (29 मई) को क्वालीफायर 2 खेला जाएगा. जिसमें 2022 की चैंपियन की गुजरात टाइटंस (GT) और 2008 की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स आमने सामने होंगी. ये बड़ा और अहम मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा. इस मैच का विजेता IPL 2026 के फाइनल में 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगा.
दोनों टीमें शानदार फॉर्म में
दोनों ही टीमें जानती हैं कि इस ‘करो या मरो’ वाले मुकाबले को जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा. गुजरात टाइटन्स को क्वलीफायर 1 में डिफेंडिंग चैंपियन RCB के हाथों 92 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, जो इस सीजन उनका सबसे खराब प्रदर्शन था. जबकि राजस्थान रॉयल्स एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वलीफायर 2 में पहुंची है.
गुजरात के लिए सबसे बड़ा चैलेंज
गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ा चैलेंज राजस्थान के ओपनर वैभव सूर्यवंशी को रोकना होगा. वैभव ने एलिमिनेटर में हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेली थी. जिसकी वजह से राजस्थान 243 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल हो पाई थी. अब वैभव 243 के शानदार स्ट्राइक रेट से 680 रन बनाकर ‘ऑरेंज कैप’ पहने हुए हैं. साथ ही, उन्होंने एक ही IPL सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है, और अब उनके नाम कुल 65 छक्के दर्ज हैं. इसी वजह से वैभव गुजरात के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं. ये भी उल्लेखनीय है कि वैभव ने टूर्नामेंट की दूसरी सबसे तेज सेंचुरी (35 गेंद में) में गुजरात के ही खिलाफ बनाई थी. इसलिए अगर वैभव का बल्ला इस मैच में भी चल गया तो फिर गुजरात का सफर यहीं पर खत्म हो जाएगा.
इसके अलावा राजस्थान की ओपनिंग जोड़ी भी गुजरात के लिए खतरा बन सकती है. सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने मिलकर 206 के स्ट्राइक रेट से 747 रन बनाए हैं – जिससे वे IPL 2026 की सबसे सफल जोड़ी बन गए हैं, गिल-सुदर्शन से भी आगे। ध्रुव जुरेल के लिए यह उनके करियर का सबसे बेहतरीन सीज़न रहा है, उन्होंने 155 के स्ट्राइक रेट से 508 रन बनाए हैं, जबकि कप्तान रियान पराग ने पूरे सीज़न में शांत और स्थिर नेतृत्व प्रदान किया है. वहीं गेंदबाजी में, जोफ्रा आर्चर राजस्थान के सबसे घातक हथियार साबित हुए हैं. उन्होंने 14 के स्ट्राइक रेट से 24 विकेट लिए हैं, जिसमें पावरप्ले में लिए गए 14 विकेट भी शामिल हैं.
राजस्थान के लिए सबसे बड़ा खतरा
वहीं दूसरी ओर राजस्थान के लिए गुजरात का टॉप ऑर्डर-शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर खतरनाक साबित हो सकते हैं. ये तीनों बल्लेबाजा खासकर इनकी ओपनिंग जोड़ी शानदार फॉर्म में है, अगर ये दोनों रन बनाते हैं तो फिर गुजरात के जीत के चांसेस 90 प्रतिशत बढ़ जाते हैं. इसके अलावा गेंदबाजी में भी मोहम्मद सिराज और कगीसो रबाड़ा भी राजस्थान के बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं.
RR vs GT: हेड टू हेड रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में राजस्थान रॉयल्स से आगे है. दोनों के बीच हुए अब तक 10 मैचों में गुजरात ने 7 मैच जीते हैं जबकि राजस्थान केवल 3 मैच ही जीत सका है. इसके अलावा गुजरात ने 2022 के क्वालिफायर 1 और फाइनल, दोनों में राजस्थान को हराया था. लेकिन इस सीजन में, मुकाबला बराबरी पर है. GT ने जयपुर में 77 रनों से जीत हासिल की थी, जबकि RR ने अहमदाबाद में छह रनों से जीत दर्ज की थी.
हालांकि, इस मैच का स्थान (वेन्यू) पूरी तरह से RR के पक्ष में है. उन्होंने इस सीजन में न्यू चंडीगढ़ में खेले गए अपने सभी चारों मैच जीते हैं, जबकि GT यहां खेले गए तीन मैचों में से केवल एक ही जीत पाई है. शुक्रवार को, दोनों टीमें अपने तीसरे IPL फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी.
दोनों टीमों का स्क्वाड
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया, अरशद खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, गुरनूर बरार, एम शाहरुख खान.
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जडेजा, डोनोवन फरेरा, ब्रिजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, शिम्रोन हेटमायर, शुभम दुबे, दासुन शनाका, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, रवि सिंह, अमन राव पेराला, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन और क्वेना मफाका.


