Friday, June 19, 2026

आईआईटी-आईएसएम धनबाद वंचित विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का नया अवसर लेकर आया है.

Share

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों (PAP) एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा उपलब्ध करा रहा है.

इसके उद्देश्य से IIT (ISM) धनबाद द्वारा संचालित STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एंड मैथेमेटिक्स) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किया गया. इस पहल का मकसद विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और नवाचार की क्षमता विकसित करना है.

डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग के प्रो. रश्मि सिंह एवं प्रो. नीलाद्रि दास के नेतृत्व में संचालित यह कार्यक्रम BCCL की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना का हिस्सा है. इसके माध्यम से कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए भगीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल, गर्ल्स हाई स्कूल रेलवे कॉलोनी भागा तथा एच.एस. भूली नगर में नियमित रूप से STEM कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है.

विशेष सत्र में विद्यार्थियों को विज्ञान एवं गणित की जटिल अवधारणाओं को गतिविधि आधारित और संवादात्मक शिक्षण पद्धति के जरिए सहज तरीके से समझाया गया. कक्षाओं में केवल पाठ्यक्रम पूरा करने पर ही नहीं, बल्कि छात्रों में विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या समाधान कौशल, रचनात्मक सोच और जिज्ञासा विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया.

प्रो. रश्मि सिंह ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक की दुनिया से जोड़ते हुए उन्हें उच्च शिक्षा और भविष्य के बेहतर करियर के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. वहीं प्रो. नीलाद्रि दास ने बताया कि नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है.

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में IIT (ISM) धनबाद की ओर से नावागढ़, झरिया, राजगंज और भागा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में STEM आउटरीच कार्यक्रमों तथा हैंड्स-ऑन विज्ञान गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया. जिन्हें विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है.

IIT (ISM) धनबाद और BCCL का यह साझा प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि कोलफील्ड क्षेत्रों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक आधुनिक, व्यवहारिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित की जा सके.

Read more

Local News