Thursday, February 26, 2026

अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाले रामजानकी पथ का पूर्वी चंपारण में एलाइनमेंट बदला गया है.

Share

 अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाले रामजानकी पथ का पूर्वी चंपारण में एलाइनमेंट बदला गया है. गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के साथ हो रहे टकराव को टालने के लिए विभाग ने यह फैसला लिया है. अब यह मार्ग जिले के 49 गांवों से होकर गुजरेगा.

 अयोध्या से जनकपुर को जोड़ने वाले रामजानकी मार्ग और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के निर्माण को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पूर्वी चंपारण जिले के दो स्थानों पर इन दोनों बड़े प्रोजेक्ट्स का रास्ता आपस में टकरा रहा है. इसे ठीक करने के लिए विभाग अब एलाइनमेंट बदलने की तैयारी में है.

रामजानकी पथ पर क्या अपडेट

अयोध्या से मां सीता की जन्मभूमि जनकपुर तक बनने वाले रामजानकी पथ को लेकर नई अपडेट सामने आई है. यह सड़क अयोध्या से निकलकर शिवहर और सीतामढ़ी होते हुए नेपाल के जनकपुर तक जाएगी. लेकिन पूर्वी चंपारण जिले में दो जगहों पर इसका रास्ता गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे से टकरा रहा है. ऐसे में निर्माण काम में दिक्कत आ सकती है.

जानकारी के मुताबिक पताही के मुजिया और फेनहारा के गोविंद बारा मौजा में दोनों सड़कें समानांतर चलते हुए एक-दूसरे को क्रॉस कर रही हैं. अगर इसी एलाइमेंट पर काम हुआ तो लागत बढ़ सकती है और परियोजना में देरी भी हो सकती है. इस समस्या को देखते हुए विभाग ने एलाइमेंट में बदलाव का सुझाव दिया है.

इस कदम से काम में आएगी तेजी

नई सूची के अनुसार रामजानकी पथ अब 40 की जगह 49 मौजा से होकर गुजरेगी. इसमें केसरिया, कल्याणपुर और मधुबन के सबसे ज्यादा मौजा शामिल हैं. केसरिया के वैशखवा से यह पथ जिले में प्रवेश करेगा. इसके बाद केसरिया के 11, कल्याणपुर के 15, चकिया के 3, फेनहारा के 5, मधुबन के 13 और मेहसी के 1 मौजा से होकर सड़क निकलेगी.

जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज करने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भू-अर्जन पदाधिकारी को सक्षम पदाधिकारी नियुक्त किया है. अब जमीन की किस्म तय करने और अधिग्रहण का काम तेजी से आगे बढ़ेगा.

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे पहाड़पुर से जिले में प्रवेश कर हरसिद्धि, तुरकौलिया, पीपराकोठी, मोतिहारी, पकड़ीदयाल, फेनहारा और पताही होते हुए शिवहर और सीतामढ़ी की ओर जाएगा. फिलहाल फेनहारा और पताही में इसका एलाइमेंट रामजानकी पथ से टकरा रहा है. इसे सुधारने की संभावना जताई जा रही है.

Read more

Local News