Saturday, May 9, 2026

अमीषा पटेल ने ‘गदर’ फ्रैंचाइजी को लेकर बड़ा खुलासा किया है, उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने ‘गदर-3’ की पुष्टि की है.

Share

 ‘गदर’ फेम एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने बीते शुक्रवार, 8 मई की आधी रात को एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर बैक टू बैक पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने गदर 3 से लेकर फेक पीआर तक की बात की है. जी हां, आपने सही पढ़ा, ‘गदर 3’. अमीषा ने गदर 3 के बारे में पुष्टि की है और इसके बारे में अपडेट साझा किया है.

बीती रात को अमीषा ने एक्स हैंडल पर यूट्यूबर को लेकर एक पोस्ट शेयर की है और कैप्शन में लिखा, ‘कुछ ऐसे नेगेटिव यूट्यूबर्स की बातों का कभी बुरा मत मानना ​​या उनसे परेशान मत होना, जो हमेशा नेगेटिविटी और सभी स्टार्स की बुराई करने के लिए ही जागते हैं. हम स्टार्स को उनकी बातों से प्रभावित होने के बजाय उनके लिए खुश होना चाहिए. आखिर, हम सबके बारे में बुरा-भला बोलकर ही तो उनका घर-खर्च चल रहा है. हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं.’

इसके बाद उन्होंने पीआर को लेकर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा है, ‘खुद को ‘सुपरस्टार’ तभी कहो, जब तुमने कोई ऐसा काम किया हो जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया हो और धूम मचा दी हो. तब तक, खुद को सुपरस्टार कहवाने के लिए ये पीआर वाले खेल खेलना बंद करो. सॉरी, लेकिन यही कड़वी सच्चाई है.’

फेक पीआर पर बोलते हुए एक्ट्रेस ने एक दूसरे पोस्ट में लिखा है, ‘ज्यादातर ऐसी एक्ट्रेसेस, जिन्होंने अपने करियर में एक भी ऐसी फिल्म नहीं की है, जिसने बॉक्स ऑफ़िस पर 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई की हो, वे अपनी पीआर टीमों को पैसे देकर खुद को नंबर 1 और नंबर 2 कहलवा रही हैं? सच में? यह 2026 है, 2000 नहीं. आज के जमाने में 100 करोड़ तो कुछ भी नहीं हैं.’

इतना ही नहीं, अमीषा ने अपने पोस्ट्स में सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी दोहराया है. एक दूसरे में इसी का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा है, ”कहो ना प्यार है’, ‘गदर 1’ या ‘गदर 2’, एक नहीं, बल्कि हीरोइन के तौर पर मैंने 3 सबसे बड़ी सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, जिनमें तीनों ही फिल्मों में सबसे ज्यादा दर्शक आए. और आज भी, ये फिल्में मेरे को-स्टार्स के करियर की भी सबसे बड़ी हिट्स हैं. लेकिन दूसरी एक्ट्रेसेस के मुकाबले, मेरी ‘फेक पीआर मशीनरी’ थोड़ी वीक है.’

इसके बाद उन्होंने अपनी अगली फिल्म ‘गदर 3’ के बारे में पुष्टि की है. उन्होंने अपने आखिरी पोस्ट में गदर फ्रैंचाइजी के बारे में खुलासा करते हुए लिखा है, ‘गदर 3 पक्का आएगी, और जब आएगी, तो थिएटर में हंगामा मच जाएगा. दर्शकों के प्यार और भगवान के आशीर्वाद से गदर जैसे बड़े ब्रांड के लिए बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ तो बस कम-से-कम कमाई होगी और इस बार इसका स्केल और स्क्रिप्ट, दोनों ही और भी ज्यादा बड़े और जबरदस्त होंगे. तैयार रहिए.’

‘गदर 2’ 2023 में रिलीज़ हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. ‘गदर 2’ के साथ अमीषा ने कई सालों बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी. लेकिन उन्हें जो तारीफ मिली, उसने उनकी लंबे समय की गैर-मौजूदगी की भरपाई कर दी. सनी देओल के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को फैंस ने खूब पसंद किया था.

Read more

Local News