Tuesday, May 26, 2026

अखिल भारतीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस के खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीते.

Share

रांचीः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 2nd अखिल भारतीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया.

9 मई से 13 मई 2026 तक चली इस प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस की ओर से वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों समेत कुल 36 पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों ने हिस्सा लिया. इस प्रतियोगिता में टीम का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया.

झारखंड के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए. टेबल टेनिस की GO’s 40+ महिला एकल स्पर्धा में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण), झारखंड, रांची ए. विजयालक्ष्मी ने कांस्य पदक जीतकर झारखंड पुलिस को गौरवान्वित किया. वहीं जमशेदपुर जिला बल के आरक्षी संख्या-1930 मनोज कुमार तिवारी ने बैडमिंटन की NGO’s 45+ पुरुष एकल और मिश्रित युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया.

इसके अलावा जैप-10, होटवार, रांची की हवलदार फुलमनी मुंडू ने बैडमिंटन की NGO’s 45+ महिला एकल और मिश्रित युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के बाद आज 25 मई 2026 को पुलिस महानिरीक्षक बोकारो शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, आरक्षी मनोज कुमार तिवारी और हवलदार फुलमनी मुंडू ने पुलिस मुख्यालय में महानिदेशक, झारखंड से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई और भविष्य में भी इसी तरह राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया.

Read more

Local News