Tuesday, June 9, 2026

जमुई के खादीग्राम परिसर से गांधीजी के तीन प्रतीकात्मक बंदरों में से ‘बुरा मत देखो’ वाला बंदर गायब हो गया है….;

Share

जमुई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों और संदेशों का प्रतीक माने जाने वाले श्रम भारती खादीग्राम परिसर में शरारती तत्वों की करतूत ने लोगों को आक्रोशित कर दिया है। बरहट थाना क्षेत्र स्थित परिसर में गांधी प्रतिमा के साथ स्थापित तीन प्रतीकात्मक बंदरों में से एक बंदर रहस्यमय ढंग से गायब हो गया है। 

गायब हुआ बंदर गांधीजी के प्रसिद्ध संदेश ‘बुरा मत देखो’ का प्रतीक था। सोमवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है।

प्रशासनिक उदासीनता पर खड़े हो रहे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि किसी शरारती तत्व ने प्रतिमा परिसर को क्षतिग्रस्त करते हुए बंदर की प्रतिमा हटा दी। घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। 

खादीग्राम समग्र सेवा के प्रतिनिधि संजीव कुमार ने बताया कि गांधी प्रतिमा के चबूतरे की टाइल्स लंबे समय से टूटी हुई हैं। सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के एंगल भी गायब हो चुके हैं। परिसर में न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ऐसे में शाम ढलते ही यहां शरारती तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। 

प्रतिमा पर पान-गुटखा थूककर माहौल खराब करने की कोशिश

उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थल के आसपास अक्सर सिगरेट और गुटखा के खाली पैकेट बिखरे मिलते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी कुछ लोगों ने गांधी प्रतिमा पर पान-गुटखा थूककर माहौल खराब करने की कोशिश की थी। उस समय लोगों में भारी आक्रोश था, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के स्थायी इंतजाम नहीं किए गए।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गांधी प्रतिमा परिसर अब इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने वालों का पसंदीदा स्थान बनता जा रहा है। आए दिन युवक-युवतियां भोजपुरी गीतों पर वीडियो शूट करते नजर आते हैं। कई बार प्रतिमा की गरिमा से खिलवाड़ की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं। 

हाल ही में प्रतिमा स्थल के समीप भोजपुरी गीत पर बनाई गई एक रील इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसके बाद भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने प्रशासन से गायब बंदर की प्रतिमा की बरामदगी, दोषियों की पहचान तथा गांधी प्रतिमा परिसर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Read more

Local News