गिरिडीह: सड़क दुर्घटना की घटना जिले में हर रोज होती है. हर रोज कोई न कोई घायल होता है. हरेक दो तीन दिन में किसी की मौत होती है. ज्यादातर घटना बाइक से घट रही है. हाल के 25 दिनों में जिले के अलग-अलग थाना इलाके में घटित सड़क दुर्घटना में 33 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है. यह आंकड़ा चिंताजनक है. ऐसे में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का विशेष काम पुलिस महकमा ने शुरू किया है.
- जागरुकता अभियान की शुरूआत गिरिडीह के एसपी डॉ बिमल कुमार ने की है. एसपी ने खुद ही बाइक पर सवार होकर अन्य अधिकारियों और ट्रैफिक के जवानों के साथ शहर में निकले और लोगों को जागरूक किया. एसपी ने लोगों से यातायात नियम का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि हेलमेट तो निहायत ही जरूरी है. इसके अलावा ट्रिपल लोड पर बाइक नहीं चलाना है. गलत साइड से न तो चलना है और न ही गलत दिशा से ओवरटेक करना है.
- एसपी डॉ बिमल कुमार ने कार चालक और सवार को भी सीट बेल्ट पहनने को कहा. इस दौरान बगैर हेलमेट के चल रहे लोगों को हेलमेट और गुलाब फूल दिया. इधर गिरिडीह ट्रैफिक पुलिस की वर्दी भी चेंज हो गई है. अब से गिरिडीह ट्रैफिक पुलिस अन्य जिले की तरह सफेद वर्दी में दिखेगी.
25 दिन के अंदर घटित घटना
पुलिस आंकड़े के अनुसार अलग-अलग दुर्घटनाओं में 33 लोगों की जानें गई हैं. जिसमें 30 अप्रैल को तीन, 1 मई को एक, 2 मई को तीन, 4 मई को तीन, 5 मई को चार, 8 मई को छह, 9 मई को तीन, 11 मई को दो, 12 मई को दो, 13 मई को दो, 15 मई को एक, 18 मई को एक, 20 मई को एक और 22 मई को एक की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है.


