Thursday, March 12, 2026

WhatsApp ने 13 साल से कम वाले बच्चों के लिए Parent-managed account फीचर शुरू किया.

Share

 WhatsApp ने अपने प्लेटफॉर्म पर एक नया फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है, जिसका नाम Parent-managed accounts है. इस फीचर की मदद से अब माता-पिता या पैरेंट्स अपने 13 साल या उससे कम उम्र के बच्चों के लिए व्हाट्सएप अकाउंट बना सकेंगे और उसे पूरी तरह से कंट्रोल कर सकेंगे. कंपनी का कहना है कि इस सुविधा का मकसद छोटे बच्चों को सुरक्षित तरीके से मैसेजिंग और कॉलिंग का अनुभव देना है, जबकि उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर अभिभावकों की नज़र भी बनी रहती है.

कंपनी के ब्लॉग पोस्ट के मुताबिक, यह फीचर अगले कुछ महीनों में धीरे-धीरे सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. शुरुआत में इसे सीमित यूज़र्स के साथ टेस्ट किया जा रहा है, ताकि लोगों से फीडबैक लेकर इसमें और सुधार किया जा सके. यह फीचर एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी.

पैरेंट्स के पास बच्चों के व्हाट्सएप का कंट्रोल

पैरेंट-मैनेज्ड अकाउंट्स के जरिए माता-पिता अपने बच्चों के लिए व्हाट्सएप अकाउंट को अपने फोन से लिंक कर सकते हैं. इसके बाद वो तय कर पाएंगे कि बच्चे को कौन मैसेज कर सकता है और वो किन ग्रुप्स में शामिल हो सकता है. इसके अलावा अगर किसी अनजान नंबर से मैसेज रिक्वेस्ट आती है तो उसे देखने और मैनेज करने का अधिकार भी पैरेंट्स के पास रहेगा.

हालांकि, व्हाट्सएप ने साफ किया है कि बच्चों की निजी चैट पूरी तरह से सुरक्षित होगी. कंपनी के एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की वजह से माता-पिता भी बच्चों के मैसेज पढ़ नहीं पाएंगे. यानी अभिभावक केवल अकाउंट सेटिंग्स और कॉन्टैक्ट कंट्रोल कर सकेंगे, लेकिन व्यक्तिगत बातचीत निजी ही रहेगी. आइए अब जानते हैं कि व्हाट्सएप पर पैरेंट्स-मैनेज्ड अकाउंट को सेटअप कैसे करना है. इसके लिए आपको नीचे बताए गए स्टेप्स को फॉलो करना होगा:

Android और iOS यूज़र्स के लिए:

स्टेप 1: अपने बच्चे के डिवाइस में गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से व्हाट्सएप मैसेंजर डाउनलोड करें.

स्टेप 2: ऐप खोलने के बाद अपनी भाषा चुनें और “Agree and Continue” पर टैप करें.

स्टेप 3: अब “More Options” पर टैप करें और “Create a parent-managed account” का ऑप्शन चुनें.

स्टेप 4: इसके बाद बच्चे का फोन नंबर दर्ज करें और उसे वेरिफाई करें.

स्टेप 5: बच्चे की जन्मतिथि दर्ज करें और उसकी उम्र कन्फर्म करें.

स्टेप 6: इसके बाद ‘Continue’ पर टैप करके अकाउंट को पैरेंट के फोन से लिंक करें.

Parent account को लिंक करने के लिए स्टेप्स

स्टेप 1: बच्चे के फोन पर दिख रहे QR कोड को अपने फोन के कैमरे में स्कैन करें और व्हाट्सएप लिंक खोलें.

स्टेप 2: “Agree and Continue” पर टैप करें.

स्टेप 3: अपनी उम्र वेरिफाई करें.

स्टेप 4: 6 अंकों का Parent PIN बनाएं.

स्टेप 5: Parent PIN को कन्फर्म करें और ‘Next’ पर टैप करें.

स्टेप 6: ‘Done’ के विकल्प पर टैप करें और बच्चों के डिवाइस पर सेटअप का प्रोसेस कंप्लीट करें.

इसके बाद माता-पिता अपने 6-अंकों वाले PIN की मदद से सभी पैरेंटल कंट्रोल सेटिंग्स एक्सेस कर सकेंगे. वहीं, बच्चा अपने अकाउंट में नाम और प्रोफाइल फोटो जोड़ सकता है.

Read more

Local News