Tuesday, June 9, 2026

Prada और Axiom Space ने मिलकर एक ऐसा LCVG सूट बनाया है, जो चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों को गर्मी और सांस की समस्या से बचाएगा.

Share

 आज अंतरिक्ष की दुनिया से एक बड़ी और दिलचस्प ख़बर सामने आई है. दुनिया की मशहूर फैशन ब्रांड कंपनी Prada और स्पेस कंपनी Axiom Space ने मिलकर एक ऐसा सूट बनाया है, जो चांद पर जाने वाले अंतरिक्ष यात्री अपने स्पेससूट के अंदर पहनेंगे. इसे लिक्विड कूलिंग एंड वेंटिलेशन गारमेंट (Liquid Cooling and Ventilation Garment) यानी LCVG कहते हैं. NASA के Artemis IV मिशन के लिए तैयार किया गया है, जिसके साथ इंसान पिछले 50 सालों में पहली बार चांद की सतह पर कदम रखेंगे.

यह सूट इतना खास क्यों है?

जब कोई अंतरिक्ष यात्री चांद पर चलता है या काम करता है, तो उसका शरीर बहुत ज्यादा गर्मी पैदा करता है. इस गर्मी को बाहर निकालना जरूरी होता है, नहीं तो अंतरिक्ष यात्री को खतरा हो सकता है. इसी काम के लिए इस नए सूट यानी LCVG को बनाया गया है. इस सूट में पतली-पतली ट्यूब्स बनीं हैं, जिनमें ठंडा पानी बहता रहता है. ये ट्यूब्स पूरे शरीर में फैली होती है और शरीर की गर्मी सोखकर उसे स्पेससूट के लाइफ-सपोर्ट सिस्टम तक पहुंचाती है, जहां से वो गर्मी अंतरिक्ष में छोड़ दी जाती है.

इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें एक बैकअप कूलिंग सर्किट भी है. इसकी मदद से अगर मेन ट्यूब्स किसी कारण से काम न करें, तो दूसरा सिस्टम तुरंत चालू हो जाएगा. पुराने सूट्स में ऐसी सुविधा नहीं होती थी. इसके अलावा, इस सूट में अलग से एक हवा वाली व्यवस्था भी है. इसमें एक अलग ट्यूब के जरिए ताजी ऑक्सीजन लगातार अंतरिक्ष यात्री के चेहरे पर आती रहती है, जिससे सांस लेने में कोई दिक्कत नहीं होती और अंदर से कार्बन डाईऑक्साइड बाहर निकलती रहती है.

Prada का फैशन और अंतरिक्ष का मेल

यह सूट दिखने में भी काफी स्टाइलिश है. इसमें V-neck कट, अंगूठे वाली आस्तीनें और Prada ब्रांडिंग वाली लाल पट्टी है. हालांकि, इसे सिर्फ फैशन के लिए नहीं बनाया गया है, बल्कि यह एक बेहद जरूरी सिक्योरिटी सूट है. Axiom Space के सीईओ Jonathan Cirtain ने कहा कि आमतौर पर अंतरिक्ष से जुड़ी टेक्नोलॉजी इतनी सुरंद नहीं होती, लेकिन यह सूट दोनों को एक साथ करता है.

Prada ने इस सूट में अपनी 3D मॉडलिंग तकनीक और खास कपड़ों की जानकारी का इस्तेमाल किया है. उन्होंने इसके लिए कुछ ऐसे खास धागों का इस्तेमाल किया है, जो बार-बार लंबे मिशन्स में पहने जा सकें और खराब न हों. साल 2024 में Prada और Axiom ने AxEMU स्पेससूट की बाहरी परत पेश की थी. अब LCVG उसकी अंदरूनी और सबसे महत्वपूर्ण परत है.

चांद के साउथ पोल, जहां पर नासा का Artemis IV मिशन लैंड करेगा, वो चांद की सबसे मुश्किल जगहों में से एक है. वहां धूप और छाया में तापमान का फर्क 400 डिग्री फ़ारेनहाइट तक हो सकता है. इस सूट को उसी चैलेंज से निपटने के लिए बनाया गया है. LCVG पूरे आठ घंटे की स्पेसवॉक के दौरान अंतरिक्ष यात्री को सुरक्षित और आरामदायक रखने में सक्षम है. यह Prada और Axiom Space की साझेदारी का अगला बड़ा कदम है, जो दिखाता है कि फैशन और साइंस मिलकर इंसान को अंतरिक्ष की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं.

Read more

Local News