BYD ने इंडियन मार्केट में एक नया चैप्टर लिखने की तैयारी शुरू कर दी है. कंपनी ने एक नई गाड़ी पेश की है, जिसका नाम Seal U DM-i है. यह भारत में BYD की पहली प्लग-इन हाइब्रिड गाड़ी होगी. अब तक BYD सिर्फ पूरी तरह इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेचती थी, लेकिन इस बार कंपनी ने उन खरीदारों के बारे में सोचा है जो EV की तरफ पूरी तरह जाने के लिए अभी तैयार नहीं हैं. इस कार का लॉन्च 2026 के अंत से पहले होने की उम्मीद है.
Seal U DM-i में एक 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन लगा है, जिसके साथ BYD का 18.3 kWh का ब्लेड बैटरी पैक और दो इलेक्ट्रिक मोटर हैं. इसमें एक मोटर जनरेटर का काम करती है और दूसरी पहियों को चलाती है. इसकी खास बात यह है कि इस बैटरी को घर पर या चार्जिंग स्टेशन पर बाहर से चार्ज किया जा सकता है, जो इसे रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए काफी सुविधाजनक बनाता है.
BYD का दावा है कि पेट्रोल और इलेक्ट्रिक पावर को मिलाकर यह गाड़ी 1,200 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देती है. इसे पूरी तरह चार्ज बैटरी पर सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड में 70 किलोमीटर तक चला सकता है. शहर की धीमी ट्रैफिक में यह अपने-आप ईवी मोड में चली जाती है. वहीं, “सीरीज मोड” में पेट्रोल इंजन सीधे पहिए नहीं चलाता, बल्कि बिजली बनाकर मोटर को देता है और जब ज्यादा पावर की जरूरत होती है तो इंजन डायरेक्ट पहियों को ड्राइव करने लगता है.
यह गाड़ी एक फुल मिड-साइड एसयूवी है, जिसकी लंबाई 4.7 मीटर है और व्हीलबेस 2,765mm का है. इसमें पांच लोग आराम से बैठ सकते हैं. अंदर एक घूमने वाली इन्फोटेनमेंट स्क्रीन, 12.3 इंच का डिजिटल क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, एयर प्यूरीफायर, Level 2 ADAS और V2L सपोर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं. V2L के जरिए गाड़ी की बैटरी से बाहरी डिवाइस चलाए जा सकते हैं.
भारत में अब तक PHEV टेक्नोलॉजी सिर्फ डेढ़ करोड़ रुपये से महंगी लग्जरी गाड़ियों में ही मिलती थी. Seal U DM-i इसे आम ग्राहकों के लिए भी अफोर्डेबल बनाने की कोशिश कर रही है. ऐसे लोग, जो पूरी तरह ईवी नहीं अपनाना चाहते, उनके लिए यह एक समझदार और किफायती विकल्प बन सकती है.


