रांची: मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम करीब दो साल बाद जमानत पर बाहर निकले हैं. जमानत मिलने के बाद होटवार जेल से बाहर निकलते ही आलमगीर आलम पर सियासी बयानबाजी शुरू गई है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आलमगीर आलम को बेल मिलने के बाद कांग्रेसियों द्वारा मनाए जा रहे जश्न की तीखी आलोचना की है.
सोशल मीडिया पर उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा है कि आलमगीर आलम को बेल यह केवल उम्र और बीमारी के आधार पर कड़ी शर्तों के साथ मिली अंतरिम राहत है. ये अंतिम फैसला नहीं. उन्होंने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग और टेंडर कमीशन घोटाले मामले में जेल में बंद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार से जमानत पर बाहर आने का मौका मिला लेकिन इसे बाइज्जत बरी होना समझने की भूल कोई न करें.
बाबूलाल मरांडी ने जताई हैरानी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि उनके समर्थक और लाभार्थी जमानत पर ऐसे जश्न मना रहे हैं मानो कोई क्रांतिकारी आजादी की लड़ाई लड़कर लौटा हो. मिठाइयां बांटी जा रही हैं, पटाखे फोड़े जा रहे हैं, आतिशबाजी की जा रही है. क्या करोड़ों रुपये की कथित काली कमाई, कमीशनखोरी और गरीबों के हिस्से पर डाका डालने के आरोप अब उत्सव मनाने लायक उपलब्धि बन चुके हैं?
जमानत मिल जाना निर्दोष होने का प्रमाण नहीं: बाबूलाल मरांडी
बीजेपी नेता ने कहा कि जिस मामले में मंत्री के निजी सचिव के घरेलू सहायक के घर से करीब 32.20 करोड़ नकद बरामद हुए हो, वहां जनता सवाल पूछेगी ही. उन्होंने कहा कि आखिर एक घरेलू सहायक के घर में नोटों का पहाड़ कैसे खड़ा हो गया? नोट गिनने के लिए मशीनें मंगानी पड़ी थी. पूरा देश टीवी पर वह दृश्य देख रहा था.
ऐसे मामले के नहीं मिटते आसानी से दाग
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि याद रखिए, जमानत मिल जाना निर्दोष होने का प्रमाण नहीं होता, मुकदमा अभी बाकी है. अदालतें अभी बाकी हैं और कानून की प्रक्रिया अभी लंबी चलेगी. सत्ता, संपर्क और संसाधनों के दम पर कुछ समय की राहत तो मिल सकती है लेकिन ऐसे मामलों का दाग आसानी से नहीं मिटता.
अदालत की दस्तक देर से ही सही लेकिन आती जरूर है: बाबूलाल मरांडी
अगर भरोसा न हो तो लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक और कानूनी सफर को देख लीजिए. सत्ता गई, उम्र ढली, स्वास्थ्य बिगड़ा लेकिन पुराने मामलों की परछाई आज भी पीछा नहीं छोड़ रही है. भ्रष्टाचार के मामलों में अदालत की दस्तक देर से जरूर आती है लेकिन आती जरूर है.


