कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना हैम्रस्ट्रिंग चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं.
पथिराना को KKR ने 18 करोड़ रुपये में साइन किया था, लेकिन वो इस टूर्नामेंट में केवल 8 गेंद ही फेंक सके. इसकी सबसे बड़ी वजह उनकी इंजरी रही है. जिसके चलते वो कई मैच बाद टीम से जुड़े और जब इस सीजन वो अपना पहला मैच खेले तो केवल 8 गेंद फेंकने के बाद दोबारा चोटिल होकर पवेलियन लौट गए. उसके बाद वो अपनी चोट से उबर नहीं सके.
लुवनित सिसोदिया KKR में शामिल
केकेआर ने चोटिल पथिराना की जगह 25 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज लुवनित सिसोदिया को 30 लाख रुपये में टीम में चुना है. इससे पहले वो आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और केकेआर का हिस्सा रह चुके हैं. घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने वाले सिसोदिया ने 15 टी20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 124 रन बनाए हैं.
सिसोदिया के टीम में शामिल होने से KKR की टीम की गहराई और मजबूत हुई है, खासकर तब जब अंगकृष रघुवंशी सिर में चोट और उंगली में फ्रैक्चर के कारण टीम से बाहर हो गए हैं.
KKR के आखिरी लीग मैच
तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी बहुत कम हैं. 13 मैचों में 13 पॉइंट्स और 0.011 के नेट रन रेट के साथ, वे पंजाब किंग्स से पीछे हैं. पंजाब किंग्स ने शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को सात विकेट से हराकर अपना NRR बढ़ाकर 0.309 कर लिया था.
KKR के लिए समीकरण सीधा है, लेकिन मुश्किल भी. उन्हें अपने आखिरी लीग मैच में न सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स को हराना होगा, बल्कि नेट रन रेट के मामले में PBKS से आगे निकलने के लिए उन्हें बड़े अंतर से जीत भी हासिल करनी होगी. लेकिन अगर उससे पहले राजस्थान मुंबई को हरा देता है तो फिर केकेआर और पंजाब दोनों टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे.


