Tuesday, June 9, 2026

आजसू पार्टी ने पुलिस बर्बरता के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है.

Share

बोकारो: धनबाद में आजसू नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित पुलिस बर्बरता के विरोध में आजसू पार्टी ने बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है. बोकारो में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में 22 जून को धनबाद में आक्रोश मार्च निकालने का निर्णय लिया गया. वहीं, संगठन विस्तार के लिए जुलाई में महिला सम्मेलन और अगस्त में युवा सम्मेलन आयोजित करने की भी घोषणा की गई.

बोकारो में आयोजित आजसू पार्टी की केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत केंद्रीय और जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में संगठन की मजबूती, राज्य के समसामयिक राजनीतिक मुद्दों, जनसरोकार से जुड़े विषयों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. पार्टी नेतृत्व ने भविष्य की रणनीति और संगठन विस्तार पर भी मंथन किया.

बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने बताया कि 5 जुलाई को रांची में महिला सम्मेलन और 7 तथा 8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा उन्हें नेतृत्व में आगे लाने के लिए पार्टी लगातार प्रयास कर रही है.

वहीं, पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने धनबाद की घटना को लेकर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है, जिससे कार्यकर्ताओं और आम लोगों में भारी आक्रोश है. उन्होंने कहा कि जनभावना का सम्मान करते हुए 22 जून को धनबाद में स्थापना दिवस और बलिदान दिवस के अवसर पर आक्रोश मार्च निकाला जाएगा. आजसू पार्टी ने साफ किया है कि वह जनसरोकार के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी. आगामी कार्यक्रमों के जरिए संगठन को मजबूत करने और राज्यभर में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा होगी.

Read more

Local News